नैनीताल से कार्यालयों के प्रस्तावित स्थानांतरण पर जताई चिंता, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल से कार्यालयों के प्रस्तावित स्थानांतरण पर जताई चिंता, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन


नैनीताल, 27 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल से विभिन्न सरकारी कार्यालयों के प्रस्तावित स्थानांतरण को लेकर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपकर इस पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि पर्यटन विभाग, जिला पंचायत, उच्च न्यायालय सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यालय नैनीताल की अर्थव्यवस्था, सामाजिक संरचना और पर्यटन गतिविधियों से सीधे जुड़े हुए हैं। इन कार्यालयों के संभावित स्थानांतरण की सूचनाओं से नगरवासियों में चिंता का वातावरण है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पूर्व में उच्च न्यायालय के नैनीताल आने के बाद कई विभाग हल्द्वानी और भीमताल स्थानांतरित किए जा चुके हैं। वर्तमान में नैनीताल में संचालित शेष कार्यालयों से आमजन का प्रत्यक्ष सरोकार है तथा पर्वतीय क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण लोगों का इन कार्यालयों में नियमित आवागमन बना रहता है।

ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि नैनीताल में वर्तमान में संचालित किसी भी सरकारी कार्यालय का स्थानांतरण न किया जाए तथा नगर के प्रशासनिक महत्व को बनाए रखा जाए। ज्ञापन सोंपने वालों में भाजपा नेता अरविंद पडियार, संतोष कुमार, सचिन साह, आनंद बिष्ट, भूपेंद्र बिष्ट, भगवान, पंकज, नवीन, मनोज, अरुण पूरन, उमेश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story