निर्माणाधीन परियोजनाएं समयब से पूर्ण करें, लागत वृद्धि न होने दें: मुख्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
निर्माणाधीन परियोजनाएं समयब से पूर्ण करें, लागत वृद्धि न होने दें: मुख्य सचिव


नैनीताल प्रवास के दौरान मुख्य सचिव ने जिले की विकास योजनाओं की समीक्षा

नैनीताल, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन ने बुधवार को अपने दो दिवसीय नैनीताल प्रवास के दौरान डॉ. आरएस टोलिया प्रशासनिक अकादमी में नैनीताल जनपद की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि लागत में वृद्धि न हो और जनसुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि प्रशासनिक, तकनीकी अथवा प्रक्रियागत बाधाओं का त्वरित समाधान कर कार्यों को अवरुद्ध न होने दिया जाए तथा लंबित निविदाएं, स्वीकृतियां और तकनीकी अनुमोदन शीघ्र पूर्ण किए जाए। मुख्य सचिव ने विभागों को मासिक लक्ष्य तय कर नियमित अनुश्रवण करने, गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी ग्रीष्मकालीन पर्यटन सत्र को दृष्टिगत रखते हुए यातायात, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन सुदृढ़ करने पर भी बल दिया तथा पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति व गृह वितरण सुनिश्चित करने को भी कहा।

समीक्षा के दौरान मानस खण्ड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत कैंची धाम के सौंदर्यीकरण, जल जीवन मिशन, इंद्रा नगर सीवरेज योजना, कालाआगर पेयजल योजना, जमरानी बांध परियोजना, बलियानाला उपचार कार्य, काठगोदाम व रामनगर बस टर्मिनल, कुमाऊं विश्वविद्यालय के भवन, मानसिक चिकित्सालय गेठिया, चिकित्सा महाविद्यालय में कैंसर संस्थान, हल्द्वानी की सीवरेज परियोजनाएं तथा नमो भवन सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में संचालित विकास कार्यों, राजस्व वादों के निस्तारण, वारिसान नामांतरण अभियान तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story