नैनीताल की टांडा ग्राम सभा में होली पर शराब पीने-पिलाने पर प्रतिबंध

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल की टांडा ग्राम सभा में होली पर शराब पीने-पिलाने पर प्रतिबंध


नैनीताल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। नैनीताल जनपद की दूरस्थ ग्राम सभा टाण्डा में होली के त्योहार के अवसर पर शराब पीने और पिलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।

ग्राम सभा की बैठक में ग्रामवासियों ने सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया कि इस वर्ष से होली बिना शराब के शांतिपूर्ण ढंग से मनाई जाएगी, ताकि झगड़े-विवाद की स्थिति न बने और गांव की सांस्कृतिक परंपराओं की मर्यादा बनी रहे।

ग्राम प्रधान मदन परगाई ने बताया कि गांव के सम्मानित लोगों से चर्चा के बाद यह पहल की गई है, जिसका उद्देश्य सामाजिक आयोजनों और त्योहारों में शराब की प्रवृत्ति को धीरे-धीरे समाप्त करना तथा युवाओं और बच्चों के बीच सकारात्मक संदेश देना है।

बैठक में तय किया गया कि यदि कोई व्यक्ति निर्णय का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सामाजिक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर प्रशासनिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामवासियों से इस निर्णय को सफल बनाने में सहयोग की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story