आयुक्त ने किया एसआईआर कार्यों का निरीक्षण, अफवाहों से बचने की अपील
नैनीताल, 07 अगस्त (हि.स.)। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत नैनीताल जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए तथा आमजन से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय, सीआरएसटी इंटर कॉलेज मल्लीताल तथा केएल साह ट्रस्ट नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज में संचालित एसआईआर के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नोटिसों की तामीली, उनकी रसीदें संबंधित व्यक्तियों तक पहुंचने तथा सुनवाई की प्रक्रिया की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं स्कैनिंग के माध्यम से मतदाता सूची का परीक्षण भी किया, जिसमें कुछ नाम संबंधी त्रुटियां सामने आईं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, वे निर्धारित तिथि पर हाईस्कूल प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र तथा आवश्यकता होने पर जाति प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कर त्रुटियों का निराकरण कराएं।
आयुक्त ने कहा कि वर्ष 2003 के आधार पर जिन मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है अथवा जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना नाम सूची में दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र मतदाता का नाम किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित रहेगा। उन्होंने एईआरओ के बूथवार कार्यक्रम के अनुसार सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कुमाऊं मंडल विकास निगम के वाहन पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस पार्किंग स्थल में रेलिंग का कार्य पूरा हो चुका है तथा नौ दुकानें भी तैयार हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्किंग स्थल को शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक, सहायक निर्वाचन अधिकारी एचडी पांडे सहित विभिन्न क्षेत्रों के सुपरवाइजर एवं बूथ स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

