सीएमओ डॉ. पंत ने स्वास्थ्य संस्थानों को दिये सतर्क रहने के निर्देश
नैनीताल, 26 अगस्त (हि.स.)। मौसम में बदलाव के मद्देनजर सीजनल इन्फ्लूएंजा एवं श्वसन तंत्र संबंधी रोगों की संभावित वृद्धि को देखते हुए नैनीताल की मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आवश्यक दवाओं, ऑक्सीजन, चिकित्सा सामग्री एवं उपचार व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा है।
सीएमओ ने आमजन से अपील की कि बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, बदन दर्द अथवा सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। उन्होंने पर्याप्त आराम करने, तरल पदार्थों का सेवन करने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक का उपयोग न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लें। मौसमी बुखार से घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन लापरवाही भी नहीं करनी चाहिए। समय पर पहचान, उचित उपचार और सावधानी ही सबसे प्रभावी सुरक्षा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

