मुख्यमंत्री से संवाद करेंगे चमोली के छह विद्यार्थी

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री से संवाद करेंगे चमोली के छह विद्यार्थी


गोपेश्वर, 17 सितम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से संवाद के लिए चमोली के छह विद्यार्थियों का चयन हुआ है। सभी विद्यार्थी गुरूवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए रवाना हुए। 18 सितम्बर को मुख्यमंत्री के साथ संवाद के दौरान विद्यार्थी उत्तराखंड के विकास से जुड़े अपने विचार और सुझाव साझा करेंगे।

मेरे सपनों का उत्तराखंड, एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण विषय पर प्रदेशभर के विद्यार्थियों से निबंध आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त निबंधों में से 140 विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री के साथ संवाद के लिए चयन किया गया है। इनमें चमोली के छह विद्यार्थी शामिल हैं।

चयनित विद्यार्थियों में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर की कक्षा 11 की रिया, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर की कक्षा 11 की यमुना, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कर्णप्रयाग की कक्षा 11 की अनुष्का भंडारी, राजकीय इंटर कॉलेज कांसुवा की कक्षा 11 की साक्षी, पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज देवाल के आर्यन फरस्वाण और राजकीय इंटर कॉलेज असेड़ सिमली की कक्षा 12 की राखी शामिल हैं।

राज्य स्तरीय संवाद में विद्यार्थी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार, स्वरोजगार, पलायन, सड़क, आईटी, वन एवं पर्यावरण तथा महिला एवं बाल विकास जैसे विषयों पर मुख्यमंत्री के समक्ष अपने सुझाव रखेंगे।

मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के साथ संवाद के लिए छह विद्यार्थियों का चयन जनपद के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखने और प्रदेश के विकास से जुड़े रचनात्मक सुझाव साझा करने की अपेक्षा की।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story