मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना के ट्रायल शुरू
पौड़ी गढ़वाल, 25 जुलाई (हि.स.)। जनपद के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए जनपद स्तरीय चयन ट्रायल 28 जुलाई से रांसी स्टेडियम, पौड़ी में आयोजित किए जाएंगे। योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 3 सौ खिलाड़ियों (150 बालक एवं 150 बालिकाएं) का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को पूरे वर्ष 15 सौ प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि 28 जुलाई को बालक वर्ग और 29 जुलाई को बालिका वर्ग के लिए दुगड्डा, द्वारीखाल, यमकेश्वर, नैनीडांडा, रिखणीखाल, बीरोंखाल, जयहरीखाल, थलीसैंण, नगर पालिका दुगड्डा तथा नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र के खिलाड़ियों के ट्रायल होंगे। इसके बाद 30 जुलाई को बालक वर्ग और 31 जुलाई को बालिका वर्ग के लिए पौड़ी, कोट, कल्जीखाल, पाबौ, खिर्सू, एकेश्वर, पोखड़ा, नगर पालिका पौड़ी तथा नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। एक अगस्त को आरक्षित दिवस रखा गया है।
उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और खेल प्रतिभा को निखारने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने सभी पात्र खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रांसी स्टेडियम पहुंचकर चयन ट्रायल में भाग लेने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

