मुख्यमंत्री धामी को चम्पावत से आए होल्यारों ने दी होली की शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री धामी को चम्पावत से आए होल्यारों ने दी होली की शुभकामनाएं


देहरादून, 25 फरवरी (हि.स.)। जनपद चम्पावत के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आए होल्यारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवास पर पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की और पारंपरिक अंदाज में होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर होल्यारों ने कुमाऊं अंचल की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रदर्शन करते हुए खड़ी एवं बैठकी होली के पारंपरिक लोकगीतों का गायन किया। मुख्यमंत्री ने होल्यारों का आत्मीय स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि समृद्ध लोकसंस्कृति, शास्त्रीय संगीत परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चम्पावत सहित कुमाऊं क्षेत्र की खड़ी और बैठकी होली अपनी विशिष्ट शैली, राग-रागिनियों की शास्त्रीयता और भक्ति भाव से परिपूर्ण प्रस्तुति के कारण देशभर में विशेष पहचान रखती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परंपरा राज्य की सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है, जिसे संजोकर रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार लोक कला, लोक संगीत और पारंपरिक उत्सवों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा रही है।

होल्यारों ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना करते हुए पारंपरिक मंगल गीत प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने भी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता, सुख और समृद्धि लेकर आए तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता के रंग में रंगने का संदेश देता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story