मुख्य सचिव ने कैंचीधाम व भवाली-रातिघाट बाईपास का किया निरीक्षण, जून से पहले संचालन के निर्देश
नैनीताल, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन मंगलवार को नैनीताल जनपद के दो दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे। इस दोरान मुख्य सचिव ने कैंची धाम क्षेत्र में जाम की समस्या के समाधान हेतु भवाली-रातीघाट बाईपास, भवाली बाईपास तथा श्री कैंची धाम मंदिर में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बाईपास मार्ग को पर्यटन सीजन से पूर्व जून माह तक हर हाल में प्रारंभ किया जाए।
मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि भवाली-रातीघाट बाईपास में निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करते हुए यातायात सुचारु किया जाए। स्थायी मोटर पुल के निर्माण तक अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करना प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि भवाली सैनिटोरियम से रातीघाट तक 18.15 किलोमीटर लंबे बाईपास में से लगभग 8 किलोमीटर मार्ग पर यातायात संचालित है, जबकि शेष भाग में कटिंग और सुरक्षात्मक कार्य प्रगति पर हैं। मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए मोटर पुल का निर्माण भी जारी है।
मुख्य सचिव ने भवाली बाईपास तथा शिप्रा नदी पर निर्मित डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया और इसे यातायात के लिए लाभकारी बताया। साथ ही कैंची धाम मंदिर परिसर में बहुमंजिला पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पाथवे तथा फैसिलिटेशन सेंटर सहित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों में वाहनों के प्रवेश और निकासी के लिए पृथक व्यवस्था करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। इसके अतिरिक्त नैनीताल माल रोड में भू-धसाव रोकने हेतु चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कैंची धाम के बाइपास निर्माण के लिये अधिकारियों को निर्देशित करते मुख्य सचिव आनंद वर्धन।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

