पौड़ी में उत्कृष्ट उद्यमियों और कारीगरों का चयन, हथकरघा में अनीता देवी अव्वल

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तकला और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लघु उद्यम, हथकरघा एवं हस्तशिल्प पुरस्कारों के लिए उत्कृष्ट उद्यमियों और कारीगरों का चयन किया गया है। जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया के तहत मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने प्रतिभागियों के उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार, उपयोगिता और विशिष्टता के आधार पर उनका मूल्यांकन किया। तीनों श्रेणियों में प्रथम और द्वितीय स्थान के लिए प्रतिभागियों का चयन किया गया।

हथकरघा श्रेणी में शॉल और स्टॉल के उत्पाद तैयार करने वाली अनीता देवी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सूमा देवी को द्वितीय स्थान के लिए चुना गया। हस्तशिल्प श्रेणी में बांस एवं रिंगाल से उत्पाद बनाने वाले पवन को प्रथम स्थान मिला। वहीं, वॉल हैंगिंग और मिरर फ्रेम तैयार करने वाली भारती नेगी दूसरे स्थान पर रहीं। इन श्रेणियों में पारंपरिक हुनर और स्थानीय संसाधनों से तैयार उत्पादों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।

लघु उद्यम श्रेणी में कोटद्वार के सिगड्डी स्थित जीवन ऑर्गेनिक्स को उसके केश सुंदरा हेयर ऑयल, महाबल बाम आदि उत्पादों के लिए प्रथम स्थान के लिए चयनित किया गया। वहीं, सिगड्डी स्थित मैसर्स रियल लैब बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड को फार्मा उत्पादों के निर्माण के क्षेत्र में द्वितीय स्थान के लिए चुना गया।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने चयनित उद्यमियों और कारीगरों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार और विशिष्टता को बढ़ावा देने से स्वरोजगार के अवसर मजबूत होते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही पारंपरिक कला और कौशल को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलती है। उन्होंने चयनित प्रतिभागियों से अपने उत्पादों को और बेहतर बनाने तथा उनके माध्यम से जनपद का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

चयन प्रक्रिया के दौरान परियोजना निदेशक, डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सोमनाथ गर्ग, प्रबंधक आरपी आर्य, उपासना सिंह और सहायक प्रबंधक अंकित सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761846 Articles

Share this story