बाइक फिसलने से चेन्नई निवासी तीर्थ यात्री घायल
उत्तरकाशी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। गंगोत्री धाम की यात्रा कर नौगांव लौट रहे चेन्नई निवासी 54 वर्षीय तीर्थ यात्री शंकर बाइक फिसलने से घायल हो गए। हादसा पौंटी बैंड के निकट हुआ। घायल तीर्थ यात्री को उपचार के लिए बड़कोट चिकित्सालय लाया गया, जहां जांच में उनके बाएं पैर की दोनों हड्डियां टूटने की पुष्टि हुई।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार शंकर अपने दो अन्य साथियों के साथ दो बाइकों से गंगोत्री धाम की यात्रा कर नौगांव लौट रहे थे। तीनों तीर्थ यात्रियों को मंगलवार सुबह यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाना था। इसी दौरान पौंटी बैंड के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई, जिससे शंकर घायल हो गए। साथियों की सूचना पर उन्हें बड़कोट चिकित्सालय पहुंचाया गया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंगद सिंह राणा ने बताया कि घायल के बाएं पैर की दोनों हड्डियां फ्रैक्चर हुई हैं। पैर में रॉड डाले जाने की आवश्यकता है, जिसके चलते उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

