कलश यात्रा के साथ मनाया गया जल अर्पण दिवस, बचत का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
कलश यात्रा के साथ मनाया गया जल अर्पण दिवस, बचत का दिया संदेश


चंपावत, 01 मार्च (हि.स.)जनपद के विकासखंड बाराकोट की ग्राम पंचायत रावल गांव में जल जीवन मिशन के तहत ‘जल अर्पण दिवस’ का आयोजन जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा से हुई, जिसमें ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लेकर जल संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम स्थल पर दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। इस दौरान पेयजल नल पर रक्षा सूत्र बांधकर जल स्रोतों के संरक्षण का प्रतीकात्मक संकल्प लिया गया और लोगों को जल बचाने तथा उसका विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्या ने कहा कि जल जीवन मिशन का लक्ष्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, वर्षा जल संचयन को अपनाने और अनावश्यक जल व्यर्थ होने से रोकने की अपील की।

कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता जल निगम अशोक स्वरूप, अभियंता धीरज जोशी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण को जरूरी बताते हुए इसके प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story