चमोली में छेड़छाड़ के आरोपित अतिथि शिक्षक की सेवाएं समाप्त, मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
चमोली में छेड़छाड़ के आरोपित अतिथि शिक्षक की सेवाएं समाप्त, मुकदमा दर्ज


देहरादून, 2 दिसंबर (हि.स.)। चमोली जनपद में छात्र-छात्राओं से छेड़छाड़ एवं यौन शोषण के आरोपित अतिथि शिक्षक युनुस अंसारी के खिलाफ ठोस कार्रवाई अमल में लाई गई है। राजकीय इंटर कॉलेज गौंणा के प्रधानाचार्य ने आरोपित शिक्षक का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर सेवा से हटा दिया है। इसके साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी दशोली की तहरीर पर आरोपित शिक्षक के खिलाफ पोस्को अधिनियम के तहत मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

राज्य के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में अनुशासनहीनता, छेड़छाड़ या बच्चों की सुरक्षा से जुड़े अपराधों को कतई भी बर्दाश्त नहीं करेगी। स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उक्त प्रकरण में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने व ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्कूल स्तर पर निगरानी एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल को और अधिक मजबूत करने के निर्देश अधिकारियों को दे दिए गए हैं।

दरअसल, राजकीय इंटर कॉलेज गौंणा में राजनीति विज्ञान के अतिथि प्रवक्ता युनूस अंसारी पर छात्र-छात्राओं का यौन शोषण व छेड़छाड़ के गम्भीर आरोप लगे हैं। अभिभावकों की ओर से दर्ज शिकायत हाेने के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली श्रीकांत पुरोहित ने प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज गौंणा को आरोपित शिक्षक का अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही सीईओ चमोली ने उक्त प्रकरण में बरती लापरवाही को लेकर प्रधानाचार्य काे भी दो दिन के भीतर तथ्यपरक स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए थे। शिक्षक के खिलाफ चमोली कोतवाली पुलिस ने पाॅस्को अधिनियम के तहत मुकदाम दर्ज करा जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

Share this story