लोनिवि में पंजीकृत डी श्रेणी के ठेकेदारों ने लगाया उपेक्षा का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 24 नवंबर (हि.स.)। लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर में सरकारी निर्माण कार्यों के आवंटन को लेकर विवाद फिर गहराने लगा है। विभाग में डी. श्रेणी के अंतर्गत पंजीकृत ठेकेदारों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए मामले में विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा है।

आरोप लगाया कि विभाग में पंजीकृत होने के बावजूद उन्हें निर्माण कार्यों से वंचित रखा जा रहा है, जबकि निविदाओं में निर्धारित शर्तें ऐसी हैं। जिन्हें पूरा करना छोटे व डी. श्रेणी के ठेकेदारों के लिए मुश्किल साबित हो रहा है।

कीर्तिनगर लोनिवि में पंजीकृत ठेकेदारों ने बताया कि जब विभाग में डी श्रेणी के अंतर्गत उनका पंजीकरण किया गया है तो उन्हें भी अपनी श्रेणी और निर्धारित नियमों के अनुरूप सरकारी कार्यों में भागीदारी का अवसर मिलना चाहिए। लेकिन विभाग की ओर से निविदाओं में लगाई जा रही शर्तों के चलते वे प्रतिस्पर्धा से बाहर होते जा रहे हैं।

ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते निविदाएं जारी कर कार्यों के आवंटन में कथित तौर पर बंदरबांट की जा रही है। उनका आरोप है कि इस व्यवस्था में छोटे और स्थानीय पंजीकृत ठेकेदारों के हितों की अनदेखी हो रही है। ठेकेदारों ने ईई से मांग की है कि विभाग द्वारा जारी की गई निविदाओं, उनमें निर्धारित शर्तों व अब तक किए गए कार्य आवंटन की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए। ज्ञापन देने वालों में बलवीर सिंह कैंतुरा, भीम सिंह नेगी, सोबन सिंह, राम सिंह, राजेंद्र सिंह, मोहन सिंह शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782335 Articles

Share this story