गजल्ड गांव में अभी तक नहीं पकड़ा गया नरभक्षी, दहशत
पौड़ी गढ़वाल, 7 दिसंबर (हि.स.)। गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी नागदेव रेंज के गजल्ड गांव में 4 दिन बीतने के बाद भी वन विभाग को सफलता नहीं मिल पाई है। वन विभाग ना तो गुलदार को पिंजरे में कैद कर पा रहा और नाही गुलदार को ढेर कर पा रहा है। जिससे यहां के ग्रामीण दहशत में जीने को मजबूर है।
बीते गुरुवार को गुलदार ने गजल्ड गांव में एक 42 साल के व्यक्ति को अपना निवाला बना दिया था। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे विधायक, डीएम, एसडीएम व वन विभाग के अफसरों के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया था। जिसके बाद इसी दिन गुलदार को मारने के आदेश जारी किए गए थे। क्षेत्र में गुलदार को कैद करने के लिए पिंजरे भी लगाए गए थे लेकिन चार दिन बीतने के बाद भी वन विभाग को कोई सफलता नहीं मिल पाई है।
जिससे ग्रामीण दहशत में जीने को मजबूर है और ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है। स्थानीय निवासी भाष्कर बहुगुणा, विनोद दनोशी, शैलेंद्र नौटियाल, अमन नयाल, गौरव सागर, श्रीकांत आदि ने बताया कि गुलदार की दहशत अभी भी जारी है। जिससे ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

