बीएचईएल ने वित्तिय वर्ष में 18 प्रतिशत राजस्व वृद्धि के साथ 32 करोड़ से अधिक का किया आंकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
बीएचईएल ने वित्तिय वर्ष में 18 प्रतिशत राजस्व वृद्धि के साथ 32 करोड़ से अधिक का किया आंकड़ा


हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि.स.)। भारत के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के इंजीनियरिंग उपक्रम भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज करते हुए राजस्व, ऑर्डर बुक और परियोजना निष्पादन तीनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है।

कंपनी के अनंतिम और अलेखापरीक्षित आंकड़ों के अनुसार, इस वित्त वर्ष में बीएचईएल ने लगभग 32,350 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 18 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।

बीएचईएल हरिद्वार इकाई के संचार एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार वित्त वर्ष के दौरान कंपनी को कुल 75,000 करोड़ के नए ऑर्डर प्राप्त हुए, जिससे इसकी कुल ऑर्डर बुक बढ़कर लगभग 2.4 लाख करोड़ तक पहुंच गई है। यह मजबूत ऑर्डर बुक आने वाले वर्षों में कंपनी के सतत विकास और स्थिर आय प्रवाह का संकेत देती है।

यदि सेक्टरवार प्रदर्शन की बात करें, तो विद्युत (पावर) क्षेत्र में बीएचईएल ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए करीब 59,000 करोड़ के ऑर्डर हासिल किए। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र में भी कंपनी ने उल्लेखनीय विस्तार किया और परिवहन, पारेषण, रक्षा, प्रोसेस इंडस्ट्री तथा औद्योगिक उपकरण जैसे विविध क्षेत्रों में लगभग 16,000 करोड़ के नए ऑर्डर प्राप्त किए। यह विविधता बीएचईएल की व्यापक उपस्थिति और बदलते औद्योगिक परिदृश्य में उसकी अनुकूलन क्षमता को दर्शाती है।

परियोजना निष्पादन के मोर्चे पर भी कंपनी ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बीएचईएल ने वर्ष के दौरान लगभग 8.9 गीगावाट क्षमता के विद्युत संयंत्रों को सफलतापूर्वक कमीशन अथवा सिंक्रोनाइज किया। यह उपलब्धि कंपनी की तकनीकी दक्षता, समयबद्ध निष्पादन और मजबूत संचालन क्षमता को रेखांकित करती है।

कंपनी प्रबंधन का मानना है कि मजबूत राजस्व वृद्धि, सुदृढ़ ऑर्डर बुक और निरंतर प्रगति कर रही परियोजनाओं के आधार पर बीएचईएल वित्त वर्ष 2026-27 में और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा। कंपनी का फोकस उच्च प्रभाव वाले इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के निष्पादन, स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने तथा हितधारकों को बेहतर मूल्य प्रदान करने पर बना रहेगा।

ऊर्जा और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास के बीच बीएचईएल का यह प्रदर्शन न केवल कंपनी की मजबूती को दर्शाता है, बल्कि देश के औद्योगिक और ऊर्जा क्षेत्र में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी और अधिक सुदृढ़ करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story