सड़क हादसा: रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसा: रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत


हरिद्वार, 29 जून (हि.स.)। श्यामपुर थाना क्षेत्र में 4.2 फ्लाईओवर के पास सोमवार सुबह टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए पुलिस व एंबुलेंस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस के अनुसार टनकपुर डिपो की रोडवेज बस संख्या यूके 07 पीए 2812 नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन संख्या पीबी 65 बीएच 7296 हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रहा था। पिकअप में करीब 10 लोग सवार थे। आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सवार दो व्यक्ति फ्लाई ओवर से नीचे जा गिरे।

घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस सहित अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। क्षेत्राधिकारी नगर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्य का जायजा लिया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया गया।

उपचार के दौरान अहान (18) पुत्र शराफत निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद व एक अज्ञात करीब 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं गंभीर घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया।

अन्य घायलों में अन्नू (18) पुत्र मेहंदी हसन, सोनी लाल (25) पुत्र राम रहीश निवासी हरदोई तथा शमीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन निवासी बिजनौर का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिए हैं तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story