नैनीताल में लापता युवक का शव खाई से बरामद, हत्या की आशंका, तीन साथी अभिरक्षा में

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल में लापता युवक का शव खाई से बरामद, हत्या की आशंका, तीन साथी अभिरक्षा में


नैनीताल, 27 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र से लापता 33 वर्षीय दीपक उपाध्याय का शव पांच दिन बाद भवाली मार्ग स्थित टूटा पहाड़ क्षेत्र में लगभग 70 मीटर गहरी खाई से बरामद हो गया है। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वैज्ञानिक साक्ष्यों के लिये एफएसएल की टीम को बुलाया गया है।

पुलिस ने मृतक के तीन साथियों को पूछताछ के लिए अभिरक्षा में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जनपद के रानीखेत क्षेत्र के दूभड़ा सैनारी गांव निवासी दीपक उपाध्याय भुजियाघाट में कार्यरत था और 22 अप्रैल की रात्रि अपने तीन साथियों के साथ नैनीताल आया था, जहां से वह तल्लीताल रोडवेज स्टेशन के समीप से लापता हो गया था। उसके भाई बाला दत्त उपाध्याय की शिकायत पर 23 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने खोज अभियान प्रारंभ किया था।

तलाशी के दौरान पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल तथा अन्य दलों ने टूटा पहाड़ से भवाली तक क्षेत्र में सघन अभियान चलाया और ड्रोन व सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की। सोमवार को बलियानाला की ओर खाई में फंसा शव बरामद कर बाहर निकाला गया। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने हेतु फॉरेंसिक दल को बुलाया गया है।

परिजनों ने दीपक के साथ आए तीन साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे विवाद के बाद खाई में धकेला गया। पुलिस ने तीनों को पूछताछ के लिए अभिरक्षा में लिया है। थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि 20 से अधिक सीसीटीवी अभिलेखों की जांच की गई है व शव का अंत्यपरीक्षण कराया जा रहा है। वैज्ञानिक साक्ष्यों के लिये एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। उनके प्रतिवेदन के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story