भाजपा की महिला नेताओं ने सैनिकों और पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा की महिला नेताओं ने सैनिकों और पुलिसकर्मियों को बांधी राखी


नैनीताल, 24 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से सेना के जवानों और पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया गया। विधायक सरिता आर्या सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने तल्लीताल छावनी क्षेत्र में जवानों की कलाइयों पर राखी बांधी और इसके बाद तल्लीताल तथा मल्लीताल कोतवाली पहुंचकर पुलिसकर्मियों को भी राखी बांधकर सम्मानित किया।

महिला मोर्चा के सदस्यों ने सबसे पहले तल्लीताल छावनी परिषद का दौरा किया, जहां एक दर्जन से अधिक सेना के जवानों, छावनी परिषद के मुख्य अधिकारी और कर्मचारियों को राखी बांधी गई। इस दौरान देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किए गए और मिष्ठान वितरित किया गया। विधायक सरिता आर्या ने कहा कि सेना के जवान देश की सेवा में हर समय तैनात रहते हैं और सीमा की सुरक्षा करते हैं, इसलिए रक्षाबंधन पर सबसे पहले उन्हें राखी बांधना हम सभी का कर्तव्य है। इसके बाद महिला मोर्चा ने दोनों कोतवालियों में पहुंचकर पुलिसकर्मियों को राखी बांधी और उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री शांति मेहरा, मंडल उपाध्यक्ष विक्की राठौड़, विमला अधिकारी, पंकज बर्गली, कविता गंगोला और तारा राणा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story