धामी सरकार में अराजकतत्व और माहौल खराब करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे : महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
धामी सरकार में अराजकतत्व और माहौल खराब करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे : महेंद्र भट्ट


- देवभूमि की शांति और उसके स्वरूप पर हमला, नाकाबिले बर्दाश्त, सख्त कार्रवाई उचित

देहरादून, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सोशल मीडिया के जरिए माहौल बिगाड़ने वालों पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि किसी को भी कट्टरपंथ फैलाने और माहौल बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जा सकती। ये भाजपा की धामी सरकार है, ऐसे अराजक तत्वों से पुलिस कड़ाई से निपटेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों से पूछे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने देगी। चाहे वह सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला शख्स हो या ऐसी टिप्पणियों की आड़ में कानून अपने हाथ में लेने वाले लोग। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जिस तरह धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश की गई थी वो बेहद निंदनीय और चिंताजनक थी। लेकिन जिस तरह पुलिस प्रशासन ने तत्काल मामले को पूरी तरह संभाला और साजिशकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई कर रही है, वह प्रशंसनीय हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस तरह की विवादित टिप्पणी को किसी भी तरह से जायज नहीं ठहराया जा सकता है। लेकिन जैसे ही प्रकरण संज्ञान में आया, पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया। ऐसे में सभी को कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए था। वावजूद इसके जिस तरह मामले को तूल देकर राजधानी और प्रदेश का माहौल बिगड़ने की कोशिश गई है वह निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार, जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है। मुख्यमंत्री देवभूमि का माहौल और छवि बिगड़ने की साजिशों को नाकाम करने के प्रति कटिबद्ध हैं। इससे पूर्व भी धर्मांतरण विरोधी, दंगारोधी और यूसीसी कानून, राज्य का देवभूमि स्वरूप बनाए रखने की दृष्टि से उन्होंने लागू किया है। अब राजधानी में हुई घटना के दोषियों पर हुई कार्रवाई से भी कड़ा संदेश अराजक मंशाओं तक पहुंचा होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

Share this story