भाजपा ने राहुल-मुहम्मद दीपक मुलाकात को कांग्रेस का तुष्टिकरण बताया

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने राहुल-मुहम्मद दीपक मुलाकात को कांग्रेस का तुष्टिकरण बताया


देहरादून, 23 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक विनोद चमोली ने हाल ही में हुई कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और मोहम्मद दीपक की मुलाकात पर कटाक्ष करते हुए इसे कांग्रेस की तुष्टिकरण रणनीति बताया है।

प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि जो दीपक से मुहम्मद दीपक बन जाएगा, वह कांग्रेस के लिए पूज्यनीय होगा। प्रदेश की जनता ऐसी कालनेमि प्रवृत्ति और इसे बढ़ावा देने वालों को स्वीकार नहीं करेगी। इसे देवभूमि की डेमोग्राफी और शांति व्यवस्था के लिए खतरनाक बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से मिलने के लिए कांग्रेस के बड़े नेता वर्षों तक इंतजार करते हैं और कुछ पार्टी तक छोड़ देते हैं। ऐसे में अल्पकालिक चर्चा के बाद दीपक से उनकी मुलाकात और इसे बढ़ाचढ़ा कर पेश करना उत्तराखंड में तुष्टिकरण को बढ़ावा देने वाला काम है।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि दिल्ली में बैठे उनके बड़े नेता कोटद्वार प्रकरण में गैरजरूरी टिप्पणियां और सक्रियता दिखा रहे हैं, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि कांग्रेस प्रदेश की डेमोक्रेसी बिगाड़ने में लगी है।

चमोली ने कहा कि जो दीपक से मुहम्मद बनेगा, वही उनके लिए आदरणीय और नेतृत्वकर्ता होगा। उन्होंने कहा कि यदि उत्तराखंड के देवत्व को बचाना है, तो कांग्रेस को पूरी तरह हटाना होगा और जनता इसे सुनिश्चित करेगी। भाजपा जनता के सहयोग से किसी भी कीमत पर कांग्रेस की इस मंशा को सफल नहीं होने देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story