भाजपा नेता मनोज पाठक ने दिव्यांग एवं बेसहारा बच्चों के साथ किया भोजन

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा नेता मनोज पाठक ने दिव्यांग एवं बेसहारा बच्चों के साथ किया भोजन


हल्द्वानी , 13 नवंबर (हि.स.)। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मनोज पाठक ने आज हल्द्वानी ब्लॉक के अंतर्गत लामाचौड़ मंडल के नंदपुर गांव स्थित सेवालय संस्था पहुंचकर संस्था में रह रहे बच्चों के साथ आत्मीयता एवं अपनत्व की भावना से भोजन प्रसाद ग्रहण किया और उनके साथ कुछ सुखद पल साझा किए।

इस अवसर पर मनोज पाठक ने कहा कि समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के साथ खुशियां और अपनत्व साझा करना अत्यंत सार्थक कार्य है। बच्चों के बीच बैठकर उनके साथ भोजन करना, उनका स्नेह प्राप्त करना और उनके चेहरों पर मुस्कान देखना मन को आत्मिक संतोष प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार ऐसे सेवा कार्यों में सहभागिता करनी चाहिए। सेवा का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब हम समाज के उन लोगों के साथ खड़े हों, जिन्हें हमारे सहयोग और अपनत्व की आवश्यकता है।

उन्होंने सेवालय संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था बेसहारा एवं दिव्यांग बच्चों को संरक्षण, सहयोग और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सराहनीय प्रयास कर रही है।

ऐसे संस्थानों का योगदान बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण है।

इस दौरान संस्था के प्रबंधन का कार्य देख रहे रोहित जोशी ने भी मनोज पाठक द्वारा निरंतर किए जा रहे सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मनोज पाठक लंबे समय से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच रहकर सेवा, सहयोग एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं।

उन्होंने संस्था के समस्त बच्चों की ओर से मनोज पाठक का इस आत्मीय पहल के लिए आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ बिताए गए आत्मीय क्षणों ने इस अवसर को विशेष बना दिया। यह आयोजन इस संदेश का भी प्रतीक बना कि खुशियां बांटने से बढ़ती हैं और सेवा से ही जीवन की वास्तविक सार्थकता प्राप्त होती है।

इस दौरान अंकुर पंत, हिमांश, गौरव जोशी, बिदांशू आर्या, मयंक पाठक आदि भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776417 Articles

Share this story