कालाढूंगी में जनमंथन-जनसंवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
कालाढूंगी में जनमंथन-जनसंवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित


-आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं समेत समाजसेवियों का सम्मान

हल्द्वानी, 17 नवंबर (हि.स.)। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के हल्दूपोखरा नायक में मंगलवार को भाजपा नेता एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मनोज पाठक की पहल पर ‘जनमंथन-जनसंवाद एवं सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। समारोह में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों प्रबुद्धजनों, स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान क्षेत्र के विकास, स्थानीय समस्याओं, जनअपेक्षाओं और भविष्य की योजनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित लोगों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, ग्रामीण सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़े विभिन्न सुझाव भी रखे।

इस अवसर पर मनोज पाठक ने कहा कि जनमंथन का उद्देश्य केवल संवाद करना नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं को समझना और उनके सुझावों के आधार पर क्षेत्र के विकास की दिशा तय करना है। जनता की सहभागिता के बिना विकास की परिकल्पना अधूरी है। जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच निरंतर संवाद लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, ग्रामीण सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। क्षेत्र की जनता के पास अनुभव और सुझाव हैं। इन सकारात्मक विचारों को एक मंच पर लाकर विकास की कार्ययोजना का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है।

पाठक ने कहा कि वह राजनीति को पद और प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर मानते हैं। कालाढूंगी उनका परिवार है और इस परिवार के प्रत्येक सदस्य की अपेक्षाएं, सुझाव और सम्मान उनके लिए महत्वपूर्ण हैं। संवाद और सहभागिता के माध्यम से बेहतर, समृद्ध और विकसित कालाढूंगी का निर्माण उनका संकल्प है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। मनोज पाठक ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।

समापन पर उन्होंने क्षेत्रवासियों, प्रबुद्धजनों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान कविता बिष्ट एरी, तारा देवी, तनुजा और एमएम पांडे सहित सैकड़ों लोगों ने सहभागिता की और सम्मान पत्र प्राप्त किए।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778578 Articles

Share this story