डॉ. मुखर्जी की पुण्यतिथि बलिदान दिवस पर अर्पित की श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. मुखर्जी की पुण्यतिथि बलिदान दिवस पर अर्पित की श्रद्धांजलि


नैनीताल, 23 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की नैनीताल मंडल इकाई ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न बूथों और शक्ति केंद्रों पर कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए उनके योगदान को स्मरण किया।

नैनीताल क्लब शक्ति केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति समर्पित रहा तथा उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट, गरमपानी के पूर्व मंडल अध्यक्ष सोबन बिष्ट, शक्ति केंद्र संयोजक शैलेन्द्र बर्गली, कार्यालय मंत्री भारत मेहरा, जिला किसान मोर्चा के लाल बिष्ट, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र बिष्ट, विकास जोशी, विक्रम रावत, ललित ढैला और प्रेम सागर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वहीं शेर का डांडा शक्ति केंद्र में संयोजक खजान डंगवाल के नेतृत्व में सभी बूथों पर सादगीपूर्वक बलिदान दिवस मनाया गया। मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की ने बताया कि नैनीताल मंडल के सभी शक्ति केंद्रों और बूथों पर कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। उन्होंने सभी शक्ति केंद्र प्रभारियों, संयोजकों, पालकों, बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की सफलता कार्यकर्ताओं के समर्पण और सक्रिय सहभागिता पर आधारित है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार और आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण के मार्ग में प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं तथा भाजपा कार्यकर्ता उनके दिखाए मार्ग पर चलकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story