महिला हत्या मामले में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
महिला हत्या मामले में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग


देहरादून, 31 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में महिला की हत्या के मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए त्वरित कार्रवाई और न्यायिक जांच की मांग की है, वहीं भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस पर संवेदनशील मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने शुक्रवार काे कांग्रेस नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली रही है। उन्होंने कहा कि किसी पीड़ित परिवार के दुख को राजनीतिक हथियार बनाना उचित नहीं है और जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि संबंधित घटना अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा महिला मोर्चा पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का समर्थन करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बिना जांच पूरी हुए जांच एजेंसियों पर सवाल उठाकर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

रुचि भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने इस घटना को राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि सचिवालय में तैनात सचिव स्तरीय अधिकारी के निजी सचिव की पत्नी की हत्या ने पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

धस्माना ने आरोप लगाया कि नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अभी तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मृतका का कथित अंतिम वीडियो बयान मामले की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने आशंका जताई कि सीबी-सीआईडी जांच से आरोपितों को लाभ मिल सकता है।

कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की कि मामले में नामजद सभी आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और निष्पक्ष जांच के लिए न्यायिक जांच आयोग का गठन किया जाए।

भाजपा महिला मोर्चा ने भी मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों को कठोर दंड देने की मांग की है। दोनों दलों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही है, हालांकि घटना को लेकर एक-दूसरे पर राजनीतिक आरोप लगाए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story