चमोली की तीनों सीटों पर कमल खिलाने की तैयारी में जुटी भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
चमोली की तीनों सीटों पर कमल खिलाने की तैयारी में जुटी भाजपा


-प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और महामंत्री दीप्ति रावत ने कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी मंत्र

-सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने पर जोर

गोपेश्वर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने चमोली जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर जीत के लिए संगठन को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। बुधवार को कर्णप्रयाग में आयोजित संगठनात्मक बैठक में भाजपा उत्तराखंड की सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बदरीनाथ, थराली और कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तीनों सीटों पर कमल खिलाने के लक्ष्य के साथ जुटने का आह्वान किया।

बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों ने मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर उन्हें पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।

बैठक में कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि सरकारी योजनाओं से लाभान्वित प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच बनाई जाए, उन्हें योजनाओं की जानकारी दी जाए और उनकी समस्याओं को भी सुना जाए। पार्टी नेतृत्व ने संगठन की मजबूती के लिए बूथ और मंडल स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बत्र्वाल, जिला प्रभारी संपत सिंह रावत, जिला सह प्रभारी महाबीर पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष रघुबीर बिष्ट, महामंत्री अरुण मैठाणी व विनोद कनवासी, दायित्वधारी रामचंद्र गौड़ व बलबीर घुनियाल, डीसीबी के अध्यक्ष गजेंद्र रावत, बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, हिमानी वैष्णव, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट, जिला मीडिया संयोजक मोहन नेगी आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768316 Articles

Share this story