स्वयं सहायता समूहों को ऋण देने के लिए 16 से लगेंगे शिविर
पौड़ी गढ़वाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)।राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों को ऋण उपलब्ध कराने और कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) की स्वीकृति व वितरण में तेजी लाने के लिए जिले के सभी विकासखंडों में 16 से 31 अक्टूबर तक बैंक शाखावार ऋण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल स्वीकृत करने और ऋण वितरण की प्रगति अपेक्षाकृत कम है। ऐसे में बैंक शाखाओं में लंबित आवेदनों की समीक्षा कर पात्र समूहों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराया जाए।
सीडीओ ने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को सभी बैंक शाखाओं में निर्धारित रोस्टर के अनुसार शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों से समूहों को समय पर वित्तीय सहायता मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार व आजीविका के साधनों को मजबूती मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

