जेल कैदियों के बैंक खातों की केवाईसी
नई टिहरी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर जिला अग्रणी बैंक के माध्यम से जिला कारागार नई टिहरी में जेल कैदियों के बैंक खातों की केवाईसी (केवाईसी) कराने के लिए विशेष शिविर लगाया गया। शिविर में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। शिविर के माध्यम से कुल 80 बंदियों के बैंक खातों की केवाईसी की गई।
लीड बैंक मैनेजर मनीष मिश्रा ने बंदियों को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव सहित बैंकिंग संबंधी सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने बंदियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने के लिए जागरूक किया। कहा शिविर का उद्देश्य बंदियों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने के साथ ही उन्हें सुरक्षित बैंकिंग एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

