गुरु गोरखनाथ मंदिर में 22 दिवसीय बैसी के भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

WhatsApp Channel Join Now
गुरु गोरखनाथ मंदिर में 22 दिवसीय बैसी के भंडारे में उमड़ा जनसैलाब


नैनीताल, 04 फ़रवरी (हि.स.)। नैनीताल जनपद की ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के तोक बूढ़ा धूरा स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर में माघ मास के प्रथम दिवस से आयोजित 22 दिवसीय पारंपरिक धार्मिक–सामूहिक आयोजन बैसी का विधिवत समापन हुआ। आयोजन के दौरान नियमित ध्यान, पूजा पाठ, हवन और यज्ञ किए गए।

समापन अवसर पर मंगलवार की रात्रि जागर आयोजित कर इष्ट देवों का आवाहन किया गया। इसके पश्चात बुधवार को रोट, हलवा और सूजी का प्रसाद बनाकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को वितरित किया गया।

आयोजन में पहुंची ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से आने वाली पीढ़ी को अपनी सभ्यता और आस्था से जोड़ने का प्रयास होता है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी ने कहा कि ग्राम पंचायत जंगलिया गांव की यह पहल अन्य क्षेत्रों के लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। जिला पंचायत सदस्य बिपिन सिंह जंतवाल ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से न केवल आत्मिक शांति मिलती है बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी सुख और शांति का वातावरण बनता है।

आयोजन में हीरा बल्लभ भट्ट, सुरेश भट्ट, घनानंद भट्ट, युगल भट्ट, भुवन भट्ट, लीलाधर भट्ट, महेश भट्ट, हरीश भट्ट, डूंगर सिंह पडियार, गोबिंद बल्लभ पलड़िया, प्रमोद भट्ट और हेम भट्ट सहित तेरह लोगों ने 21 दिनों तक निरंतर भक्ति साधना की, जिन्हें ग्राम पंचायत की ओर से चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया जबकि गांव की महिलाओं द्वारा किए गए भजन कीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story