नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित सौतेले पिता की जमानत अर्जी खारिज

WhatsApp Channel Join Now
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित सौतेले पिता की जमानत अर्जी खारिज


नैनीताल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भीमताल थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार सौतेले पिता अमित बहुगुणा की जमानत अर्जी विशेष पॉक्सो न्यायालय ने खारिज कर दी है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) सुधीर तोमर की अदालत ने अपराध की गंभीरता और पीड़िता व गवाहों को प्रभावित करने की आशंका को देखते हुए जमानत देने से इनकार किया।

अभियोजन के अनुसार, आरोपित 26 सितंबर 2026 को पीड़िता को उसके विद्यालय से एक होटल में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म का गंभीर लैंगिक अपराध किया। पीड़िता ने अपने बयानों में घटना की पुष्टि की है। अभियोजन ने होटल के आगंतुक रजिस्टर में आरोपित का नाम दर्ज होने और होटल कर्मचारियों के बयानों को भी आधार बनाया, जिन्होंने घटना का समर्थन किया है।

आरोपित की ओर से अधिवक्ता ने उसे निर्दोष बताते हुए झूठा फंसाने का आरोप लगाया और जमानत की मांग की। कहा कि मामले में प्राथमिकी काफी सोच समझकर व कानूनी राय लेकर काफी विलंब से लिखाई गयी है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण रिमांड के समय नहीं कराया गया है।

वहीं, विशेष लोक अभियोजक एवं जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी हरेन्द्र सिंह और सुशील कुमार शर्मा ने जमानत का विरोध किया। अदालत ने मामले की गंभीरता, उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों को प्रभावित करने की आशंका के आधार पर जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया। आरोपित दो अक्टूबर से जेल में है।

मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कुंदन नेगी सेवानिवृत्त, न्यायिक अधिकारियों ने दी विदाई

नैनीताल। जिला न्यायालय नैनीताल में कार्यरत मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कुंदन नेगी की सेवानिवृत्ति पर शनिवार को जजी परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। नेगी मई 1987 में न्यायालय में नियुक्त हुए थे। उन्होंने विभिन्न न्यायालयों में अलग-अलग जिम्मेदार पदों पर रहते हुए लगभग 39 वर्ष तक सेवाएं दीं। न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रशान्त जोशी, प्रथम अपर जिला जज संजीव कुमार, द्वितीय अपर जिला जज कुलदीप शर्मा, जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी सुशील कुमार शर्मा, उमेश जोशी, धीरज सुयाल, कमलेश जोशी और हेम पांडे, गिरीश खोलिया, सोहन तिवारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारूल थपलियाल, पॉक्सो न्यायालय के न्यायाधीश सुधीर तोमर, सीजेएम नेहा कुशवाहा और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल तथा श्री नेगी की पत्नी, परिजन और मित्र भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story