अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस पर छात्रों को दी विधिक जानकारी
पौड़ी गढ़वाल, 15 मई (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल, पौड़ी में विधिक साक्षरता एवं जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को परिवार के महत्व, विधिक अधिकारों, बाल संरक्षण, साइबर अपराधों से बचाव, नशा मुक्ति, शिक्षा के अधिकार तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राधिकरण की सचिव नाज़िश कलीम ने कहा कि परिवार समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है, जहां बच्चों को संस्कार, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों की शिक्षा मिलती है। उन्होंने बच्चों को परिवार के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने स्वस्थ एवं सकारात्मक पारिवारिक वातावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरुक रहने की सलाह दी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में डॉ. शशांक उनियाल ने सामान्य स्वास्थ्य, दंत स्वास्थ्य, संतुलित आहार, स्वच्छता एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की।
असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसल विनोद कुमार ने परिवार के महत्व, पारिवारिक मूल्यों और विधिक जागरूकता विषय पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान विद्यालय में पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने परिवार एवं सामाजिक एकता विषय पर आकर्षक चित्र प्रस्तुत किए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनजागरुकता वीडियो के माध्यम से बच्चों को बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल संरक्षण तथा नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी गई।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक जीजो पालाथिंकल, वाइस प्रिंसिपल सिस्टर मैरीन, डॉ. सौम्या, अधिकार मित्र लक्ष्मी नेगी, ज्योति रावत, सोनम ममगाईं आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

