बीजीआर परिसर में अंतरमहावाविद्यालयी पावरलिफ्टिंग और वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 29 अक्टूबर (हि.स.)।हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के डॉ. बीजीआर परिसर, पौड़ी में विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में अंतरमहाविद्यालयी पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग और बेस्ट फिजिक प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस दौरान सत्र 2026-27 के लिए विश्वविद्यालय की टीम के चयन को लेकर ट्रायल भी हुए।

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के चार परिसरों और महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें कुल 21 खिलाड़ी शामिल हुए, जिनमें 18 पुरुष और तीन महिला खिलाड़ी रहीं। प्रतियोगिता में डॉ. बीजीआर परिसर पौड़ी, श्रीनगर परिसर, डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून और डीबीएस पीजी कॉलेज देहरादून के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग और बेस्ट फिजिक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर परिसर निदेशक प्रो. यूसी गैरोला, कुलानुशासक प्रो. सीबी कोटनाला और अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एससी गैरोला मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन व आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रतियोगिता का आयोजन क्रीड़ा सचिव एवं आयोजन सचिव डॉ. विपुल सिंह तथा महावीर सिंह धनाई ने किया। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से नामित चयनकर्ता परवेन्द्र सिंह रावत और कीर्ति सिंह नेगी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। वहीं, मनोज सिंह रावत ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई। आयोजन समिति का गठन प्रो. राजेश डंगवाल की अध्यक्षता में किया गया था।

प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। साथ ही विश्वविद्यालय स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर टीम चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story