दीपावली पर्व पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए खाद्य सामग्री के 92 नमूने
पौड़ी गढ़वाल, 07 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से खाद्य सामग्री के कुल 92 नमूने एकत्रित कर जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। इनमें मिठाई, दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल एवं मसालों के नमूने शामिल हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी ने बताया कि अभियान के दौरान मिठाई की दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के निर्माण एवं भंडारण में निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि जनपद में पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार एवं सतपुली नगर क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सैंपलिंग एवं निरीक्षण की कार्रवाई की गई। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

