एसआईआर में राजनैतिक दलों से सहयोग करने की अपील
पौड़ी गढ़वाल, 30 जून (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं बीएलए-1 के साथ बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों के पुनर्गठन ओर घर-घर सत्यापन अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। मंगलवार को आयोजित बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित, पारदर्शी बनाना है।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने व नय स्वीकृत मतदान केंद्रों के लिए शीघ्र बीएलए-2 की नियुक्ति करने का आग्रह किया। बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के सूचिकरण चरण में केवल सत्यापन कार्य किया जा रहा है व इस दौरान मतदाताओं से कोई दस्तावेज एकत्र नहीं किए जा रहे हैं। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा किसी कारणवश हट गया है, तो वह निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर अपना नाम दर्ज करा सकता हैं।
बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, विनोद नेगी, राजेंद्र सिंह राणा, सुरेंद्र सिंह रावत, जगमोहन रावत, मनमोहन सिंह आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

