वनाग्नि अलर्ट सिस्टम से जुड़ने की अपील, समय पर मिलेगी आग की सूचना

WhatsApp Channel Join Now
वनाग्नि अलर्ट सिस्टम से जुड़ने की अपील, समय पर मिलेगी आग की सूचना


नैनीताल, 27 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने जनसाधारण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों से एफएसआई वनाग्नि अलर्ट सिस्टम में पंजीकरण करने की अपील की है, ताकि अपने-अपने क्षेत्र में वनाग्नि संबंधी त्वरित सूचना प्राप्त हो सके और समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने बताया कि इस प्रणाली के माध्यम से संबंधित व्यक्तियों को आग लगने की सूचना तत्काल प्राप्त होगी, जिससे वनाग्नि पर शीघ्र नियंत्रण संभव हो सकेगा। इसके लिए जनपद के सभी विभागों, संस्थाओं, ग्राम प्रधानों, सरपंचों, वन पंचायतों एवं आम नागरिकों को इस प्रणाली से जोड़ने पर जोर दिया गया है।

अपर जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बहुउद्देश्यीय शिविरों, बैठकों एवं कार्यशालाओं के माध्यम से एफएसआई एप का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रणाली से जुड़कर वन संरक्षण में सहयोग कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story