नैनीताल में डीएसबी परिसर में नशा विरोधी जागरूकता अभियान
नैनीताल, 21 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल जनपद में नशा मुक्त समाज के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत मंगलवार को डीएसबी परिसर में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर तल्लीताल के थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि नशा जिज्ञासा से शुरू होकर गंभीर लत में बदल जाता है, जिससे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव पड़ता है और शिक्षा, परिवार तथा सामाजिक जीवन प्रभावित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को गलत संगति से बचने, खेल, योग एवं व्यायाम जैसी सकारात्मक जीवन शैली अपनाने तथा किसी भी दबाव की स्थिति में स्पष्ट रूप से मना करने की सलाह दी। यह भी कहा कि मानसिक तनाव की स्थिति में नशे का सहारा लेने के बजाय परिवार और शिक्षकों से संवाद करना चाहिए तथा नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना समय रहते पुलिस या अभिभावकों को देना चाहिए। विद्यार्थियों से समाज में नशा विरोधी संदेश फैलाने का आह्वान भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

