पंतनगर में अमोनिया गैस रिसाव, टला हादसा

WhatsApp Channel Join Now
पंतनगर में अमोनिया गैस रिसाव, टला हादसा


पंतनगर में अमोनिया गैस रिसाव, टला हादसा


देहरादून, 26 जून (हि.स.)। ऊधमसिंह नगर जिले के पंतनगर स्थित सिडकुल क्षेत्र में आज एक टैंकर से अमोनिया गैस का रिसाव होने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, अग्निशमन विभाग और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की कार्रवाई से स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया।

अधिकारियों के बताया कि आज सिडकुल चौराहे के पास एक टैंकर से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में गैस की तेज गंध फैल गई। एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र में यातायात नियंत्रित किया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई।

सूचना पर अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड ने संबंधित कंपनी के कर्मचारियों के सहयोग से रिसाव पर नियंत्रण पाया। अग्निशमन वाहनों की मदद से सड़क की धुलाई कर गैस के प्रभाव को कम किया गया। घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को पूरी तरह स्थिति सामान्य होने तक राहत एवं निगरानी अभियान जारी रखने के निर्देश दिए। समय रहते राहत एजेंसियों की कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया ने बताया कि टैंकर से रिसने वाला रसायन अमोनिया गैस था, जिसका उपयोग सामान्यतः कोल्ड स्टोरेज और औद्योगिक शीतलन प्रणालियों में किया जाता है। अमोनिया गैस के संपर्क में आने से त्वचा में खुजली और आंखों में जलन हो सकती है। उन्होंने बताया कि यदि इसकी अधिक मात्रा सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर जाए तो यह गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकती है और जानलेवा भी साबित हो सकती है, इसलिए गैस रिसाव की सूचना मिलते ही प्रभावित क्षेत्र को तत्काल खाली कराकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story