एसआईआर के तीसरे चरण की समीक्षा, अल्मोड़ा में बेहतर काम

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर के तीसरे चरण की समीक्षा, अल्मोड़ा में बेहतर काम


अल्मोड़ा, 05 अगस्त (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभागार में संयुक्त निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुमका ने बुधवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की। इस बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तीसरे चरण के कार्यों की समीक्षा की गई। यहां मुख्य विकास अधिकारी, एसडीएम और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

दुमका ने बताया कि प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य तीसरे चरण में चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि अल्मोड़ा जिले में एसआईआर के तीनों चरणों में अन्य जिलों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया गया है। साथ ही बताया कि पहले चरण में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों द्वारा उठाई गई आपत्तियों और दावों का समाधान कर दिया गया है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने आवश्यक दस्तावेज बीएलओ या संबंधित एईआरओ को उपलब्ध कराएं, ताकि दावों और आपत्तियों का समय पर निपटारा हो सके।

संयुक्त निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे 13 अगस्त तक ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से फार्म-6 जमा कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। इस अभियान के तहत सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे और अपात्र नामों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

Share this story