अल्मोड़ा पुलिस ने 9.45 लाख रुपये के 63 खोए मोबाइल किए बरामद
अल्मोड़ा, 06 नवंबर (हि.स.)। अल्मोड़ा पुलिस की साइबर सेल और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की टीम ने विभिन्न राज्यों और उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से 63 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 9.45 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल दिल्ली, पंजाब, बिहार, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, नोएडा और बरेली सहित उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से बरामद किए गए हैं। शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने पुलिस कार्यालय में मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए अल्मोड़ा पुलिस की साइबर सेल और एसओजी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे, लेकिन पुलिस पर उनका भरोसा कायम था।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद चंद्र जोशी

