मुख्यमंत्री के निर्देश पर 15 अक्टूबर तक दुरुस्त होंगी नैनीताल की सभी क्षतिग्रस्त सड़कें
नैनीताल, 14 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को आयोजित वीडियो वार्ता में बरसात से क्षतिग्रस्त और निर्माणाधीन सड़कों को 15 अक्टूबर तक पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने जिलाधिकारी स्तर से कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा सभी विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने को कहा था। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में नैनीताल के जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त और निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बरसात से प्रभावित सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने, गुणवत्ता के साथ समयबद्धता बनाए रखने तथा शासन के निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा है। जिला प्रशासन इन कार्यों की लगातार समीक्षा करेगा, ताकि लोगों को आवागमन में असुविधा नहीं हो और निर्धारित समय-सीमा तक सभी सड़कें पूरी तरह सुगम हो सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

