नैनीताल के प्रसिद्ध खिलाड़ी व राष्ट्रीय हॉकी अम्पायर अहमद सिद्दीकी का निधन

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल के प्रसिद्ध खिलाड़ी व राष्ट्रीय हॉकी अम्पायर अहमद सिद्दीकी का निधन


नैनीताल, 15 सितंबर (हि.स.)। नैनीताल के प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी व राष्ट्रीय हॉकी अम्पायर तथा डीएसए के पूर्व उपाध्यक्ष, अंजुमन-ए-इस्लामियां के पूर्व सदर एवं व्यापारी नेता रहे अहमद सिद्दीकी का लगभग 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। मंगलवार शाम की नमाज के बाद उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

मरहूम अहमद सिद्दीकी हॉकी, फुटबॉल और क्रिकेट के कुशल खिलाड़ी रहे। क्रिकेट में शुरुआत तेज गेंदबाज के रूप में की, लेकिन बाद में अपनी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी के लिए पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने हॉकी अम्पायरिंग को अपनाया और ज्ञान सिंह, मसूद अली खान, उस्मान तथा ओलंपियन याकूब अहमद जैसे वरिष्ठ अम्पायरों के मार्गदर्शन में इस क्षेत्र में पहचान बनाई। उन्होंने नैनीताल के साथ ही क्षेत्र से बाहर भी कई महत्वपूर्ण हॉकी मुकाबलों में अम्पायरिंग की।

सत्तर के दशक में वे डीएसए यानी नैनीताल जिमखाना एवं जिला क्रीड़ा संघ में हॉकी सचिव रहे। बाद में उन्हें डीएसए नैनीताल का उपाध्यक्ष भी चुना गया। उन्होंने हॉकी अम्पायर्स कमेटी के संयोजक की जिम्मेदारी भी संभाली। सरल स्वभाव और निष्पक्ष छवि के कारण वे खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और विभिन्न वर्गों के लोगों के बीच लोकप्रिय रहे। उनके पुराने मित्रों एवं सहयोगियों ने उनके निधन को नैनीताल के हॉकी, फुटबॉल और क्रिकेट के स्वर्णिम दौर के साथ जुड़ी एक महत्वपूर्ण शख्सियत का निधन बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है।

उनके निधन पर पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल व डीएसए महासचिव मनोज जोशी सहित विभिन्न खेल एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story