एसआईआर की शुरुआत, आज से बीएलओ घर-घर बांट रहे गणना फार्म

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर की शुरुआत, आज से बीएलओ घर-घर बांट रहे गणना फार्म


हरिद्वार, 08 जून (हि.स.)। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत आज से जनपद में सभी मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करने का कार्य शुरू हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि जनपद के सभी 1715 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं और वे घर-घर जाकर मतदाताओं को फार्म वितरित कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद के सभी मतदाताओं तक गणना फार्म पहुंचाए जाएंगे। आगामी 7 जुलाई तक बीएलओ द्वारा प्राप्त गणना फार्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज किया जाएगा।

बुक ए कॉल विद बीएलओ सुविधा का लाभ लें मतदाता

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जो मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, वे बुक ए कॉल विद बीएलओ फीचर के माध्यम से अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता वोटर पोर्टल या ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप के जरिए कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिन के भीतर बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेंगे।

यदि किसी मतदाता के घर पर बीएलओ के भ्रमण के दौरान कोई नहीं मिलता है, तो बीएलओ तीन बार घर पर जाएंगे तथा स्टिकर लगाकर अपने अगले भ्रमण की तिथि और मोबाइल नंबर अंकित करेंगे। मतदाता बीएलओ से संपर्क कर अपनी सुविधा के अनुसार गणना फार्म भरवा सकते हैं।

नवीनतम पासपोर्ट फोटो रखें तैयार

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें और गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएं, जिससे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story