हरिद्वार में एलपीजी गैस सिलेंडरों का बढ़ता बैकलॉग, अतिरिक्त आपूर्ति के लिए भेजा प्रस्ताव

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 22 अप्रैल (हि.स.)। जनपद हरिद्वार में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। गैस एजेंसियों में बढ़ते बैकलॉग के कारण उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मण्डल एलपीजी बिक्री प्रमुख, इंडेन मंडल कार्यालय देहरादून को पत्र प्रेषित किया है। पत्र के माध्यम से जनपद में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की अतिरिक्त आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की गई है, ताकि लंबित बुकिंग को जल्द से जल्द निपटाया जा सके। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल तक जनपद की गैस एजेंसियों में बैकलॉग का आंकड़ा काफी अधिक पहुंच चुका है। आईओसीएल गैस एजेंसियों में लंबित सिलेंडरों की संख्या 44,245 है। वहीं बीपीसीएल गैस एजेंसियों में यह संख्या 14,416 तक पहुंच गई है।

यह संख्या दैनिक आपूर्ति की तुलना में कहीं अधिक है। लगातार बढ़ती गैस बुकिंग और मांग के अनुरूप आपूर्ति न होने के कारण बैकलॉग तेजी से बढ़ता जा रहा है। इससे न केवल उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है, बल्कि व्यवस्था पर भी दबाव बन रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी ने एजेंसियों के बैकलॉग की विस्तृत सूची भी संबंधित अधिकारियों को भेजी है और जल्द से जल्द अतिरिक्त गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके और जनाक्रोश को कम किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story