हरिद्वार में संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित


हरिद्वार, 02 अप्रैल (हि.स.)। आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी विकासखंड के अंतर्गत संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की समीक्षा के लिए नीति आयोग, भारत सरकार के उप सचिव गौरव कटियार एवं कंसलटेंट अमितेश पांडेय की अध्यक्षता में विकास भवन, हरिद्वार के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार सहित जनपद के सभी रेखीय विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत चिन्हित विभिन्न इंडिकेटर्स को संतृप्त किए जाने के लिए अब तक की गई गतिविधियों और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि निर्धारित इंडिकेटर्स में से 08 इंडिकेटर्स को पूर्ण रूप से संतृप्त किया जा चुका है, जबकि शेष इंडिकेटर्स को अप्रैल माह तक संतृप्त करने का लक्ष्य निर्धारित है।

बैठक के दौरान नीति आयोग के उप सचिव गौरव कटियार ने संबंधित अधिकारियों को इंडिकेटर्स को निर्धारित समयसीमा के भीतर संतृप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि तय समयसीमा में लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी विकासखंडों में सेवा वितरण और विकास संकेतकों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story