आईएफएडी कंट्री डायरेक्टर ने किया ग्रामोत्थान रीप परियोजना का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
आईएफएडी कंट्री डायरेक्टर ने किया ग्रामोत्थान रीप परियोजना का निरीक्षण


हरिद्वार, 24 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय कृषि विकास कोष (आईएफएडी) के कंट्री डायरेक्टर जेम्स मार्क शैल्डस् ने हरिद्वार जनपद में संचालित ग्रामोत्थान रीप परियोजना के विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ परियोजना निदेशक सुश्री झरना कामठन, आईएफएडी की जनरल सलाहकार सुश्री निशिधा, मैनेजमेंट कंसल्टेंसी फर्म के टीम लीडर आलोक जैन तथा कृषि विशेषज्ञ रविंद्र कुकरेती भी मौजूद रहे।

हरिद्वार पहुंचने पर टीम का स्वागत जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार सक्सेना ने किया। निरीक्षण की शुरुआत विकासखंड बहादराबाद में रीप परियोजना के अंतर्गत संचालित वेस्ट फ्लावर मैनेजमेंट यूनिट से हुई। यहां मंदिरों से एकत्रित फूलों का प्रसंस्करण कर विभिन्न उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। कंट्री डायरेक्टर ने महिलाओं द्वारा मशीनों के संचालन, उत्पादन प्रक्रिया तथा उत्पादों की पैकेजिंग का गहन अवलोकन किया।

टीम ने महिला सदस्यों से सीधे संवाद कर यूनिट की आय सृजन क्षमता, भविष्य की रणनीति तथा रोजगार के अवसरों पर चर्चा की। जेम्स मार्क शैल्डस ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का उदाहरण है।

इसके बाद टीम ने पारंपरिक तरीके से तैयार किए जा रहे तेल, मसाले, मल्टीग्रेन आटा सहित अन्य उत्पादों की इकाइयों का निरीक्षण किया। परियोजना के अंतर्गत स्वायत्त सहकारिताओं के साथ अनुबंध कर कच्चे माल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है तथा सदस्यों को तकनीकी प्रशिक्षण देकर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कराए जा रहे हैं। मेदांस संस्था इस परियोजना में प्राइवेट पार्टनर के रूप में कार्य कर रही है।

निरीक्षण के दौरान मीठी गंगा शहद प्रसंस्करण इकाई का भी भ्रमण किया गया। यहां कंट्री डायरेक्टर ने मधुमक्खी पालन, शहद निष्कर्षण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और भंडारण की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मीठी गंगा के शहद उत्पादों के विपणन कार्यों की विशेष सराहना करते हुए निदेशक मंडल को बधाई दी।

भ्रमण के दौरान टीम ने मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र से मुलाकात कर परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। कंट्री डायरेक्टर एवं परियोजना निदेशक ने सीडीओ द्वारा दिए गए सुझावों एवं नवाचारों की प्रशंसा की। इसके उपरांत टीम ने पीलीभीत हाउस स्थित हाउस ऑफ हिमालय का भी भ्रमण किया।

पूरे भ्रमण का समन्वय जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार सक्सेना द्वारा मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर रीप परियोजना की विभिन्न इकाइयों के अधिकारी, सहकारिताओं के निदेशक मंडल, स्टाफ एवं अन्य हितधारक उपस्थित रहे।

आईएफएडी कंट्री डायरेक्टर का यह दौरा ग्रामोत्थान रीप परियोजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं उद्यमी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story