प्रधानमंत्री की अपील का असर, हरिद्वार में डीएम समेत कई अधिकारी पैदल पहुंचे दफ्तर

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री की अपील का असर, हरिद्वार में डीएम समेत कई अधिकारी पैदल पहुंचे दफ्तर


हरिद्वार, 14 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील का असर अब दिखाई देने लगा है। हरिद्वार जिले के डीएम और कई वरिष्ठ अधिकारी गुरुवार को अपने सरकारी वाहन छोड़कर पैदल ही दफ्तर पहुंचे।

रोशनाबाद स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में सुबह अलग ही नजारा देखने को मिला। डीएम मयूर दीक्षित अपने आवास से पैदल चलकर कार्यालय पहुंचे। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा भी पैदल ही कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहीं हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष सिंह और नगर आयुक्त नंदन कुमार भी जिला मुख्यालय पर आयोजित वीसी में शामिल होने पैदल पहुंचे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों और अधिकारियों से गैर जरूरी कार्यों में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की थी। उन्होंने पैदल चलने या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और जरूरत पड़ने पर वर्क फ्रॉम होम अपनाने पर जोर दिया था। इसी अपील के बाद हरिद्वार प्रशासन में बदलाव देखने को मिल रहा है।

जिले के कई अधिकारी अब कार छोड़कर दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल स्कूटी से दफ्तर पहुंचे और चारधाम रजिस्ट्रेशन सेंटर का निरीक्षण भी स्कूटी से ही किया। डीएम के सुरक्षाकर्मी और अर्दली भी उनके साथ पैदल कार्यालय पहुंचे।

डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बचत समय की जरूरत है और सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सरकारी वाहनों का सीमित उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी खुद उदाहरण प्रस्तुत करेंगे

ताकि आमजन भी इससे प्रेरणा ले सकें। साथ ही लोगों से भी ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की जाएगी।

हरिद्वार के रोशनाबाद क्षेत्र में कई अधिकारियों के सरकारी आवास कलेक्ट्रेट से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर हैं। ऐसे में कई अधिकारी और कर्मचारी बिना वाहन के ही दफ्तर पहुंचे। अधिकारियों की इस पहल को लेकर चर्चा हो रही है.

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story