तहसील दिवस में 20 शिकायतें दर्ज, नाै का मौके पर निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
तहसील दिवस में 20 शिकायतें दर्ज, नाै का मौके पर निस्तारण


हरिद्वार, 17 मार्च (हि.स.)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को तहसील भगवानपुर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अलग-अलग विभागों से संबंधित कुल 20 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 9 शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष समस्याओं को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।

तहसील दिवस में दर्ज शिकायतों में भूमि विवाद, अतिक्रमण, जलभराव, गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने और अन्य राजस्व संबंधी समस्याएं प्रमुख रहीं। तहसील दिवस के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता द्वारा दर्ज कराई गई सभी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि तहसील दिवस के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी, पटवारी और लेखपालों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में मौके पर जाकर निरीक्षण करें और पैमाइश के साथ वास्तविक स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करें। जिन शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा गया है, उनका एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक अभिनव चौधरी, मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल सिंह भण्डारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदौरिया, तहसीलदार भगवानपुर दयाराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story