जिलाधिकारी के निर्देश पर सीवरेज कार्यों में आई तेजी, 282.60 मीटर सड़क निर्माण पूरा
हरिद्वार, 10 अप्रैल (हि.स.)। शहर में चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के अनुपालन में निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा कार्यों में तेजी लाई गई है, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और यात्रियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज कार्य के लिए खोदी गई सड़कों के कारण आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने 1 अप्रैल को संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा था कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी खुदी सड़कों की मरम्मत हर हाल में पूरी की जाए।
परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-01 और पैकेज-02 में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। बीते दो दिनों में कुल 282.60 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि कार्यों के तेजी से पूर्ण होने से शहर में यातायात व्यवस्था सुधरेगी और व्यापारियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी, खासकर आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए। परियोजना प्रबंधक ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप सभी निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं और शेष कार्य भी जल्द पूर्ण कर लिए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

