लक्सर में भारी वाहनों पर 12 से 2 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 06 मई (हि.स.)। आमजन व स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर आखिरकार लक्सर प्रशासन ने सख्त और निर्णायक कदम उठा लिया है। अनिल कुमार (एसडीएम लक्सर) की अगुवाई में आयोजित अहम बैठक में ओवरलोडिंग और बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहनों पर नकेल कसने का बड़ा फैसला लिया गया।

बैठक में साफ आदेश जारी किए गए कि दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक लक्सर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। खासकर स्कूल के समय किसी भी हाल में भारी वाहन सड़कों पर नजर नहीं आएंगे—इस दौरान उनकी आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

इस महत्वपूर्ण बैठक में तहसीलदार, सहायक परिवहन अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, कोतवाली प्रभारी सहित तमाम विभागों के अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी को सख्त निर्देश दिए गए कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत और कड़ी कार्रवाई की जाए।

दरअसल, लक्सर में भारी वाहनों की लापरवाही पहले कई मासूम स्कूली बच्चों की जान ले चुकी है। इन दर्दनाक घटनाओं ने प्रशासन को सख्ती के लिए मजबूर किया, जिसके बाद यह बड़ा फैसला लिया गया।

एसडीएम अनिल कुमार ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। स्कूल टाइम में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।

प्रशासन के इस फैसले से जहां अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, वहीं अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जमीनी स्तर पर इस सख्ती का कितना असर देखने को मिलता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story