सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखने वालों पर होगी कार्रवाई, कुमाऊं आयुक्त ने दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखने वालों पर होगी कार्रवाई, कुमाऊं आयुक्त ने दिए निर्देश


नैनीताल, 13 मई (हि.स.)। नगर क्षेत्र में सड़कों के किनारे भवन निर्माण सामग्री डंप किए जाने की बढ़ती समस्या पर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने सख्त रुख अपनाया है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान मामले का संज्ञान लेते हुए उन्होंने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ऐसे भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

आयुक्त ने कहा कि भवन निर्माण सामग्री जैसे रेत, गिट्टी, ईंट और सरिया को सार्वजनिक सड़कों पर लंबे समय तक छोड़ना गंभीर समस्या बनता जा रहा है। इससे यातायात बाधित होता है, सड़क की चौड़ाई कम होती है तथा विशेष रूप से दुपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने भवन स्वामियों से अपील की कि निर्माण सामग्री एवं अनुपयोगी मलबे का उचित स्थान पर निस्तारण किया जाए और सार्वजनिक मार्गों का अतिक्रमण न किया जाए।

श्री रावत ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए हैं कि ऐसे भवन स्वामियों का चिन्हीकरण कर उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि कुछ लोग निर्माण मलबे का निस्तारण झील क्षेत्र में भी कर सकते हैं। इसे देखते हुए उन्होंने नियमित सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story